Wednesday, March 18, 2026

किसानों को बड़ी राहत: एमपी में खरीदी को लेकर बड़ा फैसला

भोपाल। मध्य प्रदेश में रबी सीजन की प्रमुख फसल गेहूं की सरकारी खरीदी 1 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। राज्य सरकार ने इस बार खरीदी व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने के लिए स्पष्ट टाइमिंग तय की है। सभी खरीदी केंद्र सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक संचालित किए जाएंगे, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो। प्रदेश के भोपाल, इंदौर, उज्जैन और नर्मदापुरम संभाग में 1 अप्रैल से खरीदी प्रक्रिया शुरू होगी। वहीं अन्य संभागों में यह प्रक्रिया 7 अप्रैल से प्रारंभ की जाएगी। सरकार ने इस बार किसानों को आकर्षित करने के लिए समर्थन मूल्य के साथ अतिरिक्त बोनस देने का भी फैसला किया है। इससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर दाम मिल सकेगा और वे सीधे सरकारी खरीदी केंद्रों पर अपनी फसल बेचने के लिए प्रोत्साहित होंगे। खरीदी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इसमें बारदाना, तौल व्यवस्था, पेयजल और छाया जैसी सुविधाएं शामिल हैं, ताकि किसानों को लंबी कतारों या अव्यवस्था का सामना न करना पड़े। प्रशासन का कहना है कि खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाने के लिए सभी स्तरों पर निगरानी रखी जाएगी। वहीं किसानों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय और पंजीयन के अनुसार ही केंद्रों पर पहुंचे, जिससे व्यवस्था बनी रहे। इस बार सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक किसानों से सीधे गेहूं की खरीदी कर उन्हें बेहतर लाभ दिलाना है।

No comments: