Tuesday, May 12, 2026

पेट्रोल-डीजल बचाने के लिए सीएम मोहन यादव का बड़ा फैसला



भोपाल। मध्यप्रदेश में पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा ऐलान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश में सादगी और ईंधन बचत को बढ़ावा देने के लिए नई पहल शुरू करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश राष्ट्रहित में पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए संकल्पित है। उन्होंने बताया कि आगामी आदेश तक उनके कारकेड में सुरक्षा की दृष्टि से न्यूनतम वाहनों का ही इस्तेमाल किया जाएगा। साथ ही भ्रमण के दौरान किसी भी प्रकार की वाहन रैली नहीं निकाली जाएगी। सीएम ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी मंत्रीगण भी यात्रा के समय न्यूनतम वाहनों का उपयोग करेंगे। इसके अलावा हाल ही में नियुक्त निगम-मंडल पदाधिकारियों को भी सादगी से कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भी सार्वजनिक परिवहन को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित सर्वोपरि है और ईंधन की बचत देशहित से जुड़ा विषय है। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक, इसे केवल प्रशासनिक निर्देश नहीं बल्कि एक बड़ा राजनीतिक और सामाजिक संदेश भी माना जा रहा है। ऐसे समय में जब लगातार बढ़ते ट्रैफिक, प्रदूषण और ईंधन खपत को लेकर चिंता जताई जा रही है, सरकार का यह कदम सादगी और संसाधन बचत की दिशा में अहम माना जा रहा है।

No comments: