Tuesday, May 12, 2026

एमपी में मंत्रिमंडल विस्तार अगले हफ्ते,, सिंधिया समर्थक प्रभुराम चौधरी बनेंगे मंत्री

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजनीति में एक बार फिर कैबिनेट विस्तार की चर्चाएं तेज हो गई हैं। सत्ता के गलियारों में चर्चा है कि अगले हफ्ते मोहन सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है। इसी के साथ भाजपा के कई विधायक और संगठन से जुड़े नेता मंत्री बनने के सपने सजाने लगे हैं। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा सिंधिया समर्थक और पूर्व मंत्री प्रभुराम चौधरी के नाम को लेकर हो रही है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव उन्हें मंत्री बनाकर बड़ा सियासी संदेश देने की तैयारी में हैं। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री मोहन यादव अब मंत्रिमंडल में क्षेत्रीय और राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश में जुटे हैं। ऐसे में सांची से विधायक और ज्योतिरादित्य सिंधिया खेमे के मजबूत चेहरों में शामिल प्रभुराम चौधरी का नाम सबसे आगे चल रहा है। प्रभुराम चौधरी शिवराज सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं और सिंधिया समर्थक नेताओं में उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। बता दें मौजूदा समय में मोहन यादव कैबिनेट में मुख्यमंत्री और दो डिप्टी सीएम समेत कुल 31 मंत्री हैं, जबकि संवैधानिक रूप से मंत्रिमंडल में अभी कुछ सीटें खाली हैं। दिसंबर 2023 में बने मंत्रिमंडल में कई दिग्गजों को जगह मिली थी, लेकिन विस्तार की गुंजाइश अब भी बनी हुई है। राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि अगर प्रभुराम चौधरी को मंत्री बनाया जाता है, तो इसे सिंधिया खेमे को साधने और संतुलन बनाने की कोशिश के तौर पर देखा जाएगा। फिलहाल मोहन कैबिनेट में तुलसी सिलावट, गोविंद सिंह राजपूत, प्रद्युम्न सिंह तोमर और ऐदल सिंह कंसाना जैसे सिंधिया समर्थक चेहरे पहले से मौजूद हैं, लेकिन प्रभुराम चौधरी की एंट्री को अलग राजनीतिक संदेश माना जा रहा है। कैबिनेट विस्तार की चर्चाओं के बीच भाजपा के भीतर भी हलचल बढ़ गई है। कई विधायक और नेता भोपाल-दिल्ली के चक्कर काटते नजर आ रहे हैं। संगठन और सत्ता के बीच जातीय, क्षेत्रीय और गुटीय संतुलन को लेकर लगातार मंथन चल रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मोहन यादव सरकार का यह विस्तार सिर्फ खाली सीटें भरने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसके जरिए भाजपा 2028 की रणनीति और अंदरूनी समीकरणों को भी साधने की कोशिश करेगी।

No comments: