भोपाल। मध्यप्रदेश में लंबे इंतजार के बाद राजनीतिक नियुक्तियों की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने चार अहम आयोगों के अध्यक्षों के नाम फाइनल कर दिए हैं, जिससे साफ है कि सरकार अब नियुक्तियों की प्रक्रिया को तेजी देने के मूड में है। जारी लिस्ट के अनुसार, अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष पद पर कैलाश जाटव का नाम तय किया गया है। महिला आयोग की कमान रेखा यादव को सौंपी गई है। वहीं अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष के रूप में रामलाल रौतेल को जिम्मेदारी दी गई है, जबकि बाल संरक्षण आयोग का अध्यक्ष डॉ. निवेदिता शर्मा को बनाया गया है। इन नियुक्तियों को सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। लंबे समय से लंबित पड़ी इन नियुक्तियों को लेकर संगठन और सरकार के बीच लगातार मंथन चल रहा था, जिसके बाद अब इन नामों पर सहमति बनी है। माना जा रहा है कि आयोगों में नियुक्तियों के साथ ही अब निगम-मंडलों और अन्य बोर्ड्स में भी जल्द ही नियुक्तियों का सिलसिला तेज होगा। इससे पार्टी संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने के साथ-साथ राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश की जा रही है। राजनीतिक गलियारों में इन नियुक्तियों को लेकर चर्चा तेज हो गई है और अब नजर आगे आने वाली निगम-मंडल सूची पर टिकी हुई है।


No comments:
Post a Comment