Thursday, April 23, 2026

निगम-मंडल में किसे मिलेगा पद? इन नामों पर टिकी नजरें


भोपाल। मध्यप्रदेश में लंबे इंतजार के बाद अब राजनीतिक नियुक्तियों का सिलसिला शुरू होने जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, इसकी शुरुआत आज विभिन्न आयोगों में नियुक्तियों से की जाएगी, जहां कई अहम पदों के लिए नाम लगभग तय हो चुके हैं। जानकारी के अनुसार, अनुसूचित जाति आयोग में कैलाश जाटव के नाम की चर्चा जोरों पर है, जबकि अनुसूचित जनजाति आयोग के लिए भात सिंह नेताम को जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है। वहीं युवा आयोग में प्रवीण शर्मा का नाम प्रमुख दावेदार के रूप में सामने आ रहा है। सूत्र बताते हैं कि इन नियुक्तियों को लेकर संगठन और सरकार के बीच लंबे समय से मंथन चल रहा था। क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन को ध्यान में रखते हुए नामों का चयन किया गया है, ताकि अलग-अलग वर्गों को प्रतिनिधित्व मिल सके। माना जा रहा है कि आयोगों में नियुक्तियों के बाद जल्द ही निगम-मंडलों और अन्य बोर्ड्स में भी नियुक्तियों की प्रक्रिया तेज होगी। यह पूरी कवायद संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी देने और राजनीतिक संतुलन साधने की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है। हालांकि, अभी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है, लेकिन सियासी गलियारों में इन नामों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अब नजर इस बात पर है कि सरकार और संगठन कब इन नियुक्तियों पर औपचारिक मुहर लगाते हैं।

No comments: