Wednesday, April 1, 2026

नौकरी के इंतजार में प्रदर्शन, भोपाल में शिक्षकों पर लाठीचार्ज


भोपाल। राजधानी भोपाल में माध्यमिक शिक्षक वर्ग-2 के चयनित अभ्यर्थियों का गुस्सा मंगलवार को सड़कों पर फूट पड़ा। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री निवास के सामने जोरदार प्रदर्शन करते हुए नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सरकार लंबे समय से नियुक्ति प्रक्रिया को टाल रही है, जिससे उनका भविष्य अधर में लटक गया है। अभ्यर्थियों ने नारेबाजी करते हुए कहा कि उन्हें सिर्फ आश्वासन मिल रहा है, लेकिन नियुक्ति को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा। अभ्यर्थियों के मुताबिक, भर्ती प्रक्रिया वर्ष 2022 में विज्ञापन जारी होने के साथ शुरू हुई थी। इसके बाद 2023 में पात्रता परीक्षा आयोजित की गई, अप्रैल 2025 में चयन परीक्षा हुई और सितंबर 2025 में परिणाम घोषित कर दिए गए। इसके बावजूद अब तक करीब 10,700 चयनित उम्मीदवारों को नियुक्ति नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि नियमानुसार चयन के तीन महीने के भीतर नियुक्ति आदेश जारी होना चाहिए था, लेकिन 2026 तक भी यह प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है। लगातार हो रही देरी से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री निवास की ओर बढ़ने की कोशिश की। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बल प्रयोग किया और लाठीचार्ज किया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। फिलहाल पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। वहीं, अभ्यर्थी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और जल्द से जल्द नियुक्ति पत्र जारी करने की मांग कर रहे हैं।





No comments: