Saturday, April 4, 2026

एमपी के किसानों को राहत, गेहूं खरीदी से पहले बारदाने की कमी दूर


भोपाल। मध्यप्रदेश के किसानों के लिए गेहूं उपार्जन को लेकर बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी शुरू होने से पहले बारदाने (बोरी) की कमी की समस्या को दूर कर लिया गया है, जिससे किसानों को अब अपनी उपज बेचने में परेशानी नहीं होगी। राज्य के अलग-अलग संभागों में गेहूं खरीदी की तारीखें भी तय कर दी गई हैं। इंदौर, उज्जैन, भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में 10 अप्रैल से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी शुरू होगी, जबकि बाकी संभागों में यह प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू की जाएगी।दरअसल, इस बार खरीदी से पहले बारदाने की कमी बड़ी समस्या बन रही थी। इसे देखते हुए भारत सरकार ने मध्यप्रदेश को अतिरिक्त राहत देते हुए 50 हजार जूट की गठानों का आवंटन जारी किया है। इससे खरीदी केंद्रों पर बोरी की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकेगी और किसानों को अपनी फसल बेचने में दिक्कत नहीं आएगी। इसके साथ ही केंद्र सरकार ने एक और अहम निर्णय लेते हुए गेहूं उपार्जन के लिए HDP/PP बैग के उपयोग की अनुमति भी दे दी है। यानी अब जूट की बोरी के साथ-साथ प्लास्टिक बैग का भी इस्तेमाल किया जा सकेगा। इससे बारदाने की कमी की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी। सरकार के इस फैसले से लाखों किसानों को सीधा फायदा मिलेगा, क्योंकि अब उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए इंतजार या परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। समय पर खरीदी शुरू होने से किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ भी आसानी से मिल सकेगा। कुल मिलाकर, गेहूं खरीदी से पहले बारदाने की समस्या का समाधान होने से प्रदेश के किसानों के लिए यह राहत भरी खबर मानी जा रही है।

No comments: