भोपाल। विवादित बयान से सियासी भूचाल खड़ा करने वाले करैरा विधायक प्रीतम सिंह लोधी आज भोपाल में पार्टी नेतृत्व के सामने पेश होंगे। शाम 5 बजे वे बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल से मुलाकात कर नोटिस का जवाब और अपना पक्ष रखेंगे। हाल ही में सामने आए वीडियो में लोधी एक पुलिस अधिकारी के खिलाफ कथित तौर पर अभद्र और धमकी भरी भाषा का इस्तेमाल करते नजर आए थे। सड़क हादसे से शुरू हुआ यह मामला देखते ही देखते सत्ता बनाम सिस्टम की लड़ाई जैसा बन गया। वीडियो वायरल हुआ, पुलिस महकमा नाराज हुआ और मामला सीधे संगठन तक पहुंच गया। दबाव बढ़ा तो बीजेपी ने भी देर नहीं लगाई और प्रदेश अध्यक्ष ने कारण बताओ नोटिस थमा दिया। साफ शब्दों में कहा गया कि यह आचरण पार्टी की छवि और अनुशासन के खिलाफ है। अब नजरें भोपाल की इस मुलाकात पर टिकी हैं। सवाल यह है कि लोधी की सफाई पार्टी को संतुष्ट कर पाएगी या फिर कार्रवाई की गाज गिरेगी? फिलहाल, राजनीति में यह मुलाकात सिर्फ औपचारिकता नहीं मानी जा रही—बल्कि यह तय करेगी कि बयानबाजी की सीमा कहां खत्म होती है और अनुशासन कहां से शुरू।

No comments:
Post a Comment