भोपाल। मध्य प्रदेश में संगठन को जमीनी स्तर तक और मजबूत करने के लिए बीजेपी ने बड़ा अभियान शुरू करने की तैयारी कर ली है। 7 से 12 अप्रैल के बीच प्रदेशभर में व्यापक स्तर पर सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें मंत्री, विधायक और सांसद सीधे गांव-बस्तियों में पहुंचकर लोगों से संवाद करेंगे। इस अभियान के तहत हर विधानसभा क्षेत्र के करीब 50 बड़े गांवों को चुना गया है, जहां बीजेपी के सम्मेलन आयोजित होंगे। इन सम्मेलनों का मुख्य उद्देश्य विभिन्न वर्गों के लोगों से सीधा संपर्क स्थापित करना और उन्हें पार्टी की विचारधारा तथा सरकार की योजनाओं से जोड़ना है। कार्यक्रम के दौरान गांवों के सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा, जिससे सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा मिले। साथ ही चौपालों के जरिए केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी, ताकि आम जनता तक सरकारी कामकाज की जानकारी सीधे पहुंचे। बीजेपी इस अभियान के जरिए न सिर्फ संगठनात्मक पकड़ मजबूत करना चाहती है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी पहुंच को और गहरा करने की रणनीति पर भी काम कर रही है। माना जा रहा है कि यह पहल आने वाले समय में पार्टी के लिए राजनीतिक रूप से भी अहम साबित हो सकती है।

No comments:
Post a Comment