Thursday, December 29, 2016

जम्मू में सुरक्षाबलों पर आतंकी हमला, सेना के 2 जवान घायल

श्रीनगर : जम्मू और कश्मीर के बांदीपुरा जिले में सुरक्षा बलों और आतंकियों के बीच गुरुवार सुबह से मुठभेड़ जारी है। बताया जा रहा है कि सुरक्षा बलों को शाहगुंद गांव में उग्रवादियों की मौजूदगी के बारे में खुफिया सूचना मिली थी। जिसके बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया, सुरक्षा बल तलाशी अभियान में जुटे थे तभी छिपे हुए उग्रवादियों ने उन पर गोलियां चलाईं जिसमें सेना के 2 जवान घायल हो गए।

कश्मीर घाटी में बीते कई दिनों से हालात काफी खराब नज़र आ रहे हैं। दरअसल, इस साल 8 जुलाई को भारतीय सेना के जवानों ने हिजबुल कमांडर बुरहान वानी को एंकाउंटर में मार गिराया था, जिसके बाद से घाटी में स्थिति सही नहीं है। वानी के समर्थन में उतरे लोगों ने घाटी के कई इलाकों में सुरक्षाबलों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी थी। जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने पैलेट गन से लोगों को काबू में रखने की कोशिश की। हालांकि इससे वहां के स्थानीय लोगों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई बेगुनाहों को भी पैलेट गन की गोलियों का शिकार होना पड़ा।

उरी में सेना के बेस पर हुए हमले में 20 जवान शहीद हो गए थे, जिसके बाद भारत की ओर से पाक अधिकृत कश्मीर में सर्जिकल स्ट्राइक की गई थी। जिसमें सीमा पार स्थित करीब 7 से ज्यादा आतंकी ठिकाने नष्ट किए गए थे। हालांकि इसके बाद भी आतंकियों के हमले जारी रहे और इस दौरान भारत पाक के बीच काफी गहमा गहमी बढ़ गई थी। आए दिन आतंकवादियों की तरफ से सेना पर हमला किया जा रहा है, जिसका भारतीय जवान मुहतोड़ जवाब दे रहे हैं।  

No comments: