Sunday, December 11, 2016

नाइजीरिया में चर्च ढहा, 160 लोगों की मौत

लागोस :दक्षिण नाइजीरिया के एक चर्च का लोहे गर्डर और छत गिरने से वहां पूजा करने आए लगभग 160 लोगों की मौत हो गई है। स्थानीय अस्पताल के निदेशक का कहना है कि मरने वालों की संख्या में इजाफा हो सकता है।

यूनिवर्सिटी ऑफ उयो टीचिंग हॉस्पिटल के मेडिकल निदेशक इटेट पीटर्स ने बताया कि उयो शहर के मुर्दाघर शनिवार को इस हादसे के बाद भर गए हैं। यह चर्च अभी बन रहा था और इसे बनाने वाले मजदूर इसे जल्द से जल्द पूरा करने की कोशिश में थे। चर्च में जब यह हादसा हुआ, तब आकवा इबोम राज्य के गवर्नर उडोम इमैनुएल सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे। हादसे के बाद मजदूरों ने चर्च का निर्माण कर रही जूलियस बर्जर कंस्ट्रक्शन कंपनी के मैनेजर को हादसे के बारे में सूचित किया।

एक युवा नेता एडिकन पीटर्स ने बताया कि उयो शहर के निजी मुर्दाघरों में सैकड़ों की संख्या में शव बिखरे पड़े हैं। उन्होंने कहा कि बहुत से लोग चुपचाप अपने संबंधियों के शव घर ले गए हैं क्योंकि मुर्दाघरों में शव रखे जाने के लिए जगह नहीं है। वहीं, कुछ पत्रकारों ने चर्च के अधिकारियों पर आरोप लगाया है कि वह उन्हें घटनास्थल पर नहीं जाने दे रहे हैं। राज्य के गवर्नर के प्रवक्ता ने कहा है कि राज्य सरकार इस बात की जांच कर रही है कि कहीं भवन निर्माण में किसी तरह की लापरवाही तो नहीं बरती गई है।

गौरतलब है कि नाइजीरिया में भवन निर्माण करने वाली कंपनियों में होने वाले भ्रष्टाचार के कारण अक्सर इमारतें गिरती रहती हैं। साल 2014 में एक बहुमंजिला इमारत गिरने से 116 लोगों की मौत हो गई थी।

No comments: