देवास जिले के टोंकखुर्द क्षेत्र में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण ब्लास्ट मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। घटना के बाद लापरवाही सामने आने पर राज्य शासन और उज्जैन संभाग प्रशासन ने तीन अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। उज्जैन संभागायुक्त ने नायब तहसीलदार रवि शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। आदेश में कहा गया है कि विस्फोटक सामग्री के संबंध में प्रशासनिक निरीक्षण में गंभीर लापरवाही और अनियमितता बरती गई, जिसके कारण यह घटना हुई। इसके अलावा टप्पा चिड़ावद तहसील टोंकखुर्द के नायब तहसीलदार पर अपने कर्तव्यों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कलेक्टर कार्यालय देवास रहेगा। वहीं राज्य शासन के गृह विभाग ने सोनकच्छ SDOP दीपा मांडवे को भी निलंबित कर दिया है। शासन के आदेश में कहा गया है कि पटाखा फैक्ट्री के संचालन और निरीक्षण को लेकर समय-समय पर जारी निर्देशों का पालन नहीं किया गया और वरिष्ठ कार्यालय को रिपोर्ट भी नहीं भेजी गई। इसके साथ ही तहसीलदार स्तर पर भी कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने साफ किया है कि मामले में जिम्मेदारी तय कर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। गौरतलब है कि 14 मई को देवास जिले के टोंकखुर्द क्षेत्र स्थित पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट हुआ था, जिसमें कई लोगों की मौत हुई थी और कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के बाद से प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे थे।


No comments:
Post a Comment