भोपाल। प्रधानमंत्री Narendra Modi पर कांग्रेस अध्यक्ष Mallikarjun Kharge की कथित विवादित टिप्पणी को लेकर सियासत तेज हो गई है। इस बयान पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने कड़ी आपत्ति जताते हुए खड़गे से सार्वजनिक माफी की मांग की है।
दरअसल, चेन्नई में एक जनसभा के दौरान खड़गे एआईएडीएमके की आलोचना कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए आपत्तिजनक टिप्पणी की। खड़गे ने सवाल उठाया कि अन्नादुरई की विचारधारा को मानने वाले लोग प्रधानमंत्री मोदी के साथ कैसे खड़े हो सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि एआईएडीएमके अपनी पहचान खो चुकी है और अब वह पीएम मोदी की “मूक-गुलाम” बन गई है।
खड़गे के इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है और बीजेपी ने इसे बड़ा मुद्दा बना लिया है। भोपाल में मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि वे कांग्रेस अध्यक्ष के बयान की कड़े शब्दों में निंदा करते हैं। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और इसके लिए खड़गे को माफी मांगनी चाहिए।
सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी लगातार ऐसी गलतियां कर रही है, जिसका खामियाजा उसे खुद भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को अपने अतीत और आचरण पर विचार करने की सलाह दी और कहा कि मीसा बंदी के दौरान विपक्ष के साथ किए गए व्यवहार के लिए भी कांग्रेस ने आज तक माफी नहीं मांगी है।
मुख्यमंत्री ने आगे आरोप लगाया कि कांग्रेस ने समय-समय पर अलगाववादी तत्वों को बढ़ावा दिया है और अब प्रधानमंत्री के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी उसकी सोच को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि चुनावी माहौल में कांग्रेस और उसके सहयोगी दल बौखलाहट में इस तरह के बयान दे रहे हैं।
सीएम मोहन यादव ने दोहराया कि खड़गे को अपने बयान पर माफी मांगनी चाहिए और भविष्य में इस तरह की टिप्पणी से बचना चाहिए। इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब बीजेपी और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है और आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर सियासत और गरमाने के आसार हैं।

No comments:
Post a Comment