Monday, March 16, 2026

विजय शाह मामले में फैसले के लिए उल्टी गिनती शुरू !

मध्य प्रदेश की राजनीति में एक टिप्पणी ने ऐसा बवाल खड़ा किया कि मामला सीधे देश की सबसे बड़ी अदालत तक पहुंच गया। अब इसी मामले में जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने अपनी चौथी स्टेटस रिपोर्ट सुप्रीम कोर्ट में पेश कर दी है। करीब दो महीने तक चली जांच के बाद तैयार की गई इस रिपोर्ट पर 17 मार्च को सुनवाई होनी है, जहां से मामले में आगे की दिशा तय हो सकती है। दरअसल, पूरा विवाद मध्य प्रदेश सरकार के जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह की एक टिप्पणी से शुरू हुआ। एक सार्वजनिक कार्यक्रम में उन्होंने सेना की अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर ऐसा बयान दे दिया, जिसने राजनीतिक और सामाजिक गलियारों में हलचल मचा दी। बयान सामने आते ही विरोध के स्वर तेज हो गए और मामला शिकायतों से होते हुए जांच और अदालत तक जा पहुंचा। मामला जब तूल पकड़ने लगा तो जांच के लिए SIT का गठन किया गया। पिछले लगभग दो महीनों में टीम ने कार्यक्रम से जुड़े वीडियो, बयान और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की। कई लोगों से पूछताछ भी की गई और पूरे घटनाक्रम को खंगालने के बाद चौथी स्टेटस रिपोर्ट अदालत में सौंप दी गई। राजनीतिक गलियारों में अब चर्चा इस बात की है कि एक बयान ने ऐसा मोड़ ले लिया कि मंत्री जी को सफाई देने के साथ-साथ जांच और अदालत की प्रक्रिया का भी सामना करना पड़ रहा है। अब सबकी नजर सुप्रीम कोर्ट की अगली सुनवाई पर है, जहां यह तय होगा कि यह मामला यहीं थमता है या फिर आगे और लंबी कहानी लिखता है।

No comments: