Tuesday, March 24, 2026

भोपाल में शिक्षकों का बड़ा प्रदर्शन, खून से लिखा पत्र, ये हैं प्रमुख मांगें



भोपाल। राजधानी भोपाल में शिक्षक भर्ती को लेकर एक बार फिर बड़ा आंदोलन देखने को मिला। शिक्षक भर्ती वर्ग-2 और वर्ग-3 में पदवृद्धि की मांग को लेकर प्रदेशभर से आए अभ्यर्थियों ने अंबेडकर पार्क में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में अभ्यर्थी शामिल हुए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी मौजूद रहे। अभ्यर्थियों ने थाली बजाकर अनोखे तरीके से विरोध जताया। इतना ही नहीं, प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री के नाम खून से पत्र लिखकर अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने की कोशिश की गई। अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने परीक्षा में 80 से 88 प्रतिशत तक अंक हासिल किए हैं, इसके बावजूद उन्हें अब तक नियुक्ति नहीं मिली है। उनका आरोप है कि सरकार पर्याप्त पद नहीं निकाल रही, जबकि प्रदेश में शिक्षकों की भारी कमी है।विधानसभा में पेश आंकड़ों का हवाला देते हुए अभ्यर्थियों ने बताया कि मध्यप्रदेश में कुल 2 लाख 89 हजार शिक्षक पद स्वीकृत हैं, जिनमें से करीब 1 लाख 74 हजार 419 पदों पर ही शिक्षक कार्यरत हैं। यानी लगभग 1 लाख 15 हजार 678 पद अब भी खाली पड़े हैं, खासकर वर्ग-2 और वर्ग-3 में। अभ्यर्थियों ने यह भी बताया कि प्रदेश के 1,968 स्कूल ऐसे हैं जहां सिर्फ एक शिक्षक के भरोसे पढ़ाई चल रही है, जबकि करीब 46 हजार स्कूलों में केवल दो शिक्षक पदस्थ हैं। ऐसे में शिक्षा व्यवस्था पर इसका सीधा असर पड़ रहा है। Pradrshankariyo की प्रमुख मांग है कि शिक्षक भर्ती वर्ग-2 और वर्ग-3 में पदों की संख्या बढ़ाई जाए और लंबे समय से इंतजार कर रहे करीब 50 हजार चयनित अभ्यर्थियों को जल्द नियुक्ति दी जाए। इसके साथ ही खाली पड़े सभी पदों पर चरणबद्ध तरीके से भर्ती प्रक्रिया पूरी करने की मांग भी उठाई गई। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

No comments: