Saturday, December 17, 2016

जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप: भारत 15 साल बाद फाइनल में, बेल्जियम से होगा सामना

लखनऊ.भारत 15 साल बाद जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच गया है। शुक्रवार को मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में हुए सेमीफाइनल मैच में मेजबान ने ऑस्ट्रेलिया को पेनल्टी शूटआउट में 4-2 से हरा दिया। फाइनल में भारत का सामना रविवार को बेल्जियम से होगा। उधर दूसरे सेमीफाइनल में बेल्जियम की टीम ने छह बार के चैम्पियन जर्मनी को हराकर फाइनल में जगह बनाई। कैसा रहा मैच का रोमांच...
- भारत की जीत में गोलकीपर विकास दहिया का सबसे खास रोल रहा। फुल टाइम तक भारत-ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 2-2 से बराबर था।
- इसके बाद शूटआउट में मैच का रिजल्ट निकला। विकास ने ऑस्ट्रेलिया के दो शॉट रोककर टीम को जीत दिला दी।
- भारत ने चार शूटआउट को गोल में बदला। भारत के लिए शूटआउट में हरजीत सिंह, हरमनप्रीत, सुमित, मनप्रीत ने गोल दागे।
- ऑस्ट्रेलिया के लिए गोवर्स और जैक वेल्च ने गोल किए जबकि विकास की शानदार गोलकीपिंग के सामने मैथ्यू बर्ड और लैचलान शार्प गोल नहीं कर पाए।
फुल टाइम तक 2-2 से बराबर था स्कोर
- भारत-ऑस्ट्रेलिया मैच के 14वें मिनट में ही ऑस्ट्रेलिया को पेनल्टी कॉर्नर मिल गया था। जिसे भारतीय डिफेंडरों ने रोक दिया। लेकिन टॉम क्रेग ने रिबाउंड पर गोल करते हुए अपनी टीम को एक गोल से आगे कर दिया।
- पहले हाफ में ऑस्ट्रेलिया को तीन जबकि भारत को दो पेनल्टी कॉर्नर। लेकिन भारत एक को भी गोल में नहीं बदल सका।
- मैच के दूसरे हाफ के 42वें मिनट में भारत ने गुरजंत सिंह के गोल की मदद से 1-1 की बराबरी बना ली।
- 48वें मिनट में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने अपने बॉक्स से शॉट खेला। मनदीप ने इसे रोका और झन्नाटेदार शॉट मारते हुए बॉल को गोलपोस्ट में पहुंचाया।
- इस तरह भारत ने 2-1 से बढ़त बना ली। मैच के 57वें मिनट में शार्प ने गोल कर ऑस्ट्रेलिया को बराबरी दिला दी।
- मैच खत्म होने में पांच मिनट बाकी थे, तभी ऑस्ट्रेलिया को एक पेनल्टी कॉर्नर मिला।
- विकास ने इसे रोककर ऑस्ट्रेलिया को बढ़त नहीं बनाने दी। फुलटाइम तक स्कोर 2-2 रहा।
पहली बार फाइनल खेलेगा बेल्जियम
- बेल्जियम ने छह बार के चैम्पियन जर्मनी को शूटआउट में 4-3 से मात दी।
- फुल टाइम तक दोनों टीमें गोल नहीं कर पाई थीं।
- जिसके बाद हुए पेनल्टी शूटआउट में जर्मनी की तरफ से जोहांस ग्रोव, ओले प्रिंज तथा कोंस्टेंटिन स्टैब ने गोल किए।
- तो वहीं बेल्जियम की तरफ से प्रोंसलेट, स्लूवर, हेनरी रेज तथा रूबंस ने चार गोल करते हुए जीत दिला दी।

No comments: