जर्मनी की राजधानी बर्लिन में सोमवार रात ट्रक से अटैक किया गया। क्रिसमस बाजार में जुटी भीड़ में से 12 लोग ट्रक तले कुचलकर मारे गए। 50 अन्य लोग घायल भी हैं। भीड़ में ट्रक घुसाते ही ड्राइवर कूदकर भाग गया। जर्मनी की चांसलर एंजेला मर्केल ने इसे आतंकी हमला बताया है। पुलिस ने पहले एक पाकिस्तानी ड्राइवर को गिरफ्तार किया था। लेकिन कुछ समय बाद कहा कि वह हमले का जिम्मेदार नहीं है। उसे मौके से 2 किलोमीटर दूर पकड़ा गया था।
23 साल का नावेद बी गत वर्ष 31 दिसंबर को पाकिस्तान से जर्मनी पहुंचा था। पुलिस के अनुसार असली मुजरिम अभी फरार है। पुलिस ने बताया कि हमले में इस्तेमाल ट्रक पोलैंड की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी का है। आशंका है कि इसे एक निर्माण स्थल से चुराया गया। हादसे के वक्त ट्रक के ड्राइवर केबिन में दो लोग मौजूद थे। इस हमले को जुलाई में फ्रांस के नीस में हुए आतंकवादी हमले की तरह का बताया जा रहा है। जिसमें 86 लोगों की मौत हो गई थी और 434 घायल हुए थे।

No comments:
Post a Comment