Sunday, May 10, 2026

पदों को अनहोल्ड करने की मांग, OBC अभ्यर्थियों ने खोला मोर्चा


भोपाल। मध्यप्रदेश में 13 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण विवाद के चलते भर्ती प्रक्रियाओं में फंसे अभ्यर्थियों का गुस्सा अब खुलकर सामने आने लगा है। राजधानी भोपाल के अंबेडकर पार्क में शुक्रवार को विभिन्न विभागों के 13% ओबीसी होल्ड से प्रभावित अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना है कि उन्होंने भर्ती परीक्षाएं पास कर लीं, लेकिन 13 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण होल्ड होने के कारण पिछले 6 वर्षों से नियुक्ति नहीं मिल पा रही है। इससे हजारों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से सरकार सिर्फ आश्वासन दे रही है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि कई अभ्यर्थी उम्र सीमा पार करने की स्थिति में पहुंच चुके हैं और मानसिक व आर्थिक परेशानी झेल रहे हैं। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने अनोखे तरीके से विरोध जताते हुए अपने खून से राष्ट्रपति के नाम पत्र लिखा। पत्र में मांग की गई कि 13 प्रतिशत ओबीसी आरक्षण को जल्द अनहोल्ड कर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कराई जाए, ताकि चयनित अभ्यर्थियों को जॉइनिंग मिल सके। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द फैसला नहीं हुआ, तो आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा। उनका कहना है कि वर्षों की मेहनत और परीक्षा पास करने के बाद भी नियुक्ति नहीं मिलना युवाओं के साथ अन्याय है।




No comments: