भोपाल। मध्य प्रदेश की राजनीति में इन दिनों चर्चा में बने कैबिनेट विस्तार को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। फिलहाल राज्य में कैबिनेट विस्तार नहीं होगा और सरकार ने पहले मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा पर फोकस करने का फैसला किया है। सूत्रों के मुताबिक, अगले करीब एक महीने तक मंत्रियों के प्रदर्शन का आकलन किया जाएगा, जिसके बाद ही किसी बड़े बदलाव पर निर्णय लिया जाएगा। जानकारी के अनुसार, 8 से 10 मई के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मंत्रियों के कामकाज की समीक्षा करेंगे। इस दौरान विभागवार प्रगति, जनहित के काम और नवाचारों के आधार पर मंत्रियों का मूल्यांकन किया जाएगा। माना जा रहा है कि इसी समीक्षा के आधार पर आगे की राजनीतिक रणनीति तय होगी। राजनीतिक तौर पर यह भी अहम है कि भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक से पहले किसी भी बड़े फेरबदल की संभावना नहीं है। संगठन और सरकार के बीच तालमेल बनाए रखने के लिए नेतृत्व फिलहाल संतुलन साधने की रणनीति पर काम कर रहा है। वहीं, भीषण गर्मी को देखते हुए प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की तारीखों में बदलाव की भी तैयारी चल रही है। इसी बीच, कैबिनेट विस्तार को लेकर चल रही चर्चाओं पर भी विराम लगता नजर आ रहा है। पार्टी सूत्र साफ तौर पर इसे महज अफवाह बता रहे हैं। उनका कहना है कि फिलहाल सरकार का पूरा ध्यान परफॉर्मेंस रिव्यू और प्रशासनिक कसावट पर है, न कि मंत्रिमंडल विस्तार पर। कुल मिलाकर, साफ है कि आने वाला एक महीना सरकार के लिए ‘परफॉर्मेंस टेस्ट’ जैसा होगा, जहां मंत्रियों के कामकाज के आधार पर ही भविष्य के फैसले तय होंगे।

No comments:
Post a Comment