Friday, March 20, 2026

मेहनत पर मौसम की मार, खेतों में बिखरे सपने

देशभर में मौसम की मार से जूझ रहे किसानों को लेकर केंद्र सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने कई राज्यों में खड़ी फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया है—वो फसलें, जिनके सहारे किसान पूरे साल की उम्मीदें जोड़कर बैठे थे। इसी स्थिति को देखते हुए नरेंद्र मोदी ने देश के कृषि परिदृश्य की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने खास तौर पर उन इलाकों पर ध्यान देने के निर्देश दिए, जहां असमय बारिश और ओलावृष्टि से फसलें बर्बाद हुई हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि जिन क्षेत्रों में फसलें पककर तैयार थीं, वहां अचानक बारिश और ओलों ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। कई जगह फसलें जमीन पर गिर गई हैं, जिससे नुकसान और बढ़ गया है। सरकार ने राज्यों के साथ तुरंत समन्वय बनाने के निर्देश दिए हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहां-कहां कितना नुकसान हुआ है। साथ ही, फसल बीमा योजना से जुड़े अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तेजी से क्रॉप कटिंग एक्सपेरिमेंट कराएं और वैज्ञानिक तरीके से नुकसान का सही आकलन करें। सरकार का फोकस इस बात पर है कि जिन किसानों की फसलें खराब हुई हैं, उन्हें बीमा का पैसा समय पर और सही तरीके से मिल सके, ताकि उनकी आर्थिक परेशानी कुछ कम हो सके। इस बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में दो और पश्चिमी विक्षोभ की संभावना जताई है, जिससे हालात और चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। ऐसे में किसानों को सतर्क रहने और जरूरी सलाह देने पर भी जोर दिया गया है। कुल मिलाकर, यह वक्त किसानों के लिए बेहद कठिन है—एक तरफ मौसम की मार, तो दूसरी तरफ फसल की चिंता। अब नजर इस बात पर है कि राहत और मुआवजा कितनी जल्दी और कितनी प्रभावी तरीके से किसानों तक पहुंच पाता है।

No comments: