Monday, December 12, 2016

ममता पर 'अभद्र' टिप्पणी काे लेकर TMC का कड़ा रुख़

कोलकाता: तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल में बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप घोष की उस टिप्पणी को अभद्र और गुंडागर्दी भरा बताया जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नोटबंदी के खिलाफ प्रदर्शन को गलत बताते हुए उन पर कई आरोप लगाए थे। तृणमूल कांग्रेस के महासचिव पार्थ चटर्जी ने कहा है कि दिलीप घोष ने हमारी पार्टी सुप्रीमो के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है। हम इसे अनदेखा नहीं करने वाले हैं। उन्होंने जो भाषा का इस्तेमाल किया है उसकी हम निंदा करते हैं।

तृणमूल कांग्रेस ने आरोप लगाया कि बीजेपी के पास बनर्जी के विरोध का जवाब नहीं है इसलिए बंगाल सीएम को अब 'खतरनाक और निजी धमकियां' दी जा रही हैं। चटर्जी ने कहा कि नोटबंदी पर उनकी मुख्यमंत्री लगातार विरोध प्रदर्शन करती रहेंगी और जब तक केंद्र अपना फैसला वापस नहीं ले लेती ममता बनर्जी को देश भर में इस मुद्दे पर विरोध करने से कोई नहीं रोक सकता। दिलीप घोष पर आरोप लगाते हुए पार्थ ने कहा, दिलीप ने जिन शब्दों का इस्तेमाल किया है उससे पता चलता है कि वह मानसिक रूप से स्थिर नहीं हैं। उन्होंने हमारी पार्टी के लोगों को मार डालने की धमकी भी दी है।

बता दें कि शनिवार को बंगाल के झरग्राम जिले के पश्चिमी मिदनापुर में बीजेपी के युवा मोर्चे को संबोधित करते हुए दिलीप घोष ने ममता पर आरोप लगाया था कि नोटबंदी के बाद उनका दिमाग खराब हो चुका है और इसलिए वह हाल ही में दिल्ली और पटना भी गई थीं और जब कुछ हासिल नहीं हुआ तो अब वापस राज्य सचिवालय में आकर बैठ गई हैं। हमें तो लगा था कि वह गंगा में कूद जाएंगी। यह इंसान अपना आपा खो चुकी है। लोगों को बंगाल में बदलाव के नाम पर की गई इस गलती का अब एहसास हो रहा है।

No comments: