Friday, December 23, 2016

PM मोदी ने राहुल गांधी और मनमोहन सिंह पर किए कई वार

वाराणसी : नोटबंदी को लेकर संसद को बाधित करने के मुद्दे पर विपक्ष पर तीखा वार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल उसी तरह ‘भ्रष्ट लोगों को बचाने’ की कोशिश कर रहे हैं, जैसे पाकिस्तान आतंकवादियों को सीमा पार करवाने के लिए ‘कवर फायर’ करता है। मोदी ने राहुल गांधी के ‘भूकंप’ वाले बयान पर चुटकी लेते हुए कहा कि वह बोलना सीख गये हैं। पीएम ने राहुल गांधी और मनमोहन सिंह पर कई वार किए। राहुल पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि कांग्रेस के ‘युवा नेता’ बोलने से पहले सोचते नहीं हैं और अनजाने में अपनी पार्टी के शासन की ‘नाकामी’ को मान चुके हैं।

वाराणसी में प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘नोटबंदी के मुद्दे पर सरकार पर हमला बोल रहे विपक्षी दलों को ‘बेशर्मी के साथ भ्रष्ट और बेईमान लोगों के पक्ष में खड़ा’ बताते हुए उन पर निशाना साधा। उन्होंने 46 वर्षीय राहुल पर चुटकी लेते हुए कहा कि अब मुझे समझ आया कि पूरा हंगामा किसके लिए था। उनके एक युवा नेता हैं जो भाषण देना सीख रहे हैं। जबसे वह बोलना सीखे हैं तब से मेरी खुशी का ठिकाना नहीं है। प्रधानमंत्री ने राहुल का नाम लिये बिना कहा, ‘‘2009 में आप यह भी नहीं बता सकते थे कि इस पैकेट में क्या है। अब हमें पता चला है कि क्या है और क्या नहीं है। मोदी ने कहा कि वह धमकी दे रहे थे कि जब वह बोलेंगे तो भूकंप आ जाएगा। अगर वह नहीं बोलते तो बड़ा भूकंप आ जाता। ऐसा भूकंप आता कि लोग 10 साल तक उससे उबर नहीं पाते। लेकिन अच्छा है कि उन्होंने बोलना शुरू कर दिया है तो भूकंप की आशंका नहीं है। अब हम निश्चिंत रह सकते हैं कि भूकंप नहीं आएगा। मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कांग्रेस के नेताओं- राहुल गांधी एवं पी चिदंबरम पर भी हमला बोलते हुए कहा कि उनकी दलील है कि गरीबी, निरक्षरता और देश के गांवों तक बिजली न पहुंचने के कारण नकदी रहित अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देना व्यर्थ है। मोदी ने कहा कि मैं इस बात पर हैरान हूं कि क्या वह खराब स्थिति को स्वीकार करके अपना रिपोर्ट कार्ड पेश कर रहे थे?

No comments: