Sunday, December 18, 2016

हिमाचल प्रदेश: चर्च से गिरफ्तार किया गया ISIS संदिग्ध

मनाली:हिमाचल प्रदेश पुलिस ने शनिवार को एक 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया। आरोप है कि आतंकी संगठन आईएसआईएस के प्रति उसकी हमदर्दी है। वह बीते छह महीनों से कुल्लू के बंजर घाटी स्थित सिधवा गांव में नाम बदलकर रह रहा था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आबिद खान मूल रूप से उत्तरी बेंगलुरु का रहने वाला है। वह इंडोनेशिया में रह रही अपनी गर्लफ्रेंड के साथ सीरिया भागने की योजना बना रहा था। इसके लिए वह देश से बाहर निकलने की योजना बना रहा था।

दावा किया जा रहा है कि आबिद ने ईसाई बनकर अपना नाम पॉल रख लिया था और सिधवा के चर्च में रह रहा था। नैशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी ने इस साल जनवरी में उसके दो दोस्तों को आईएसआईएस का समर्थन करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इसके बाद से वह गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपा हुआ था। एनआईए से सूचना मिलने के बाद हिमाचल प्रदेश पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए जाल बिछाया।

 पुलिस ने उसका पासपोर्ट, लैपटॉप और सेलफोन जब्त कर लिया है। कुल्लू के एसपी पदम सिंह ने कहा, 'वह सात से आठ भाषाएं बोल सकता है। कुछ महीनों पहले वह श्रीलंका गया था। हम और ज्यादा जानकारी जुटा रहे हैं।' पुलिस को शक है कि आबिद आईएसआईएस जॉइन करने की योजना बना रहा था। उसके मामले की जांच आगे बढ़ाने के लिए एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया गया है।

No comments: