Sunday, December 25, 2016

एसएसबी के लिए नौ हजार राइफल और बुलेटप्रूफ वाहन को मंजूरी

नई दिल्ली। सरकार ने देश से लगी नेपाल और भूटान सीमा की रक्षा करने वाले सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की क्षमताओं को बढ़ाने का फैसला किया है। उसने एसएसबी के लिए करीब 9,000 असाल्ट राइफल और बुलेटप्रूफ वाहन खरीदने को मंजूरी दी है।

अधिकारियों ने बताया कि एसएसबी ने कुछ दिनों पहले गृह मंत्रालय को अपने शस्त्र और वाहन अपग्रेड करने के लिए पत्र लिखा था। उन्होंने कहा कि एसएसबी के लिए 12 बुलेटप्रूफ वाहन, 15 हल्के बख्तरबंद वाहन, सात बारूदी सुरंग रोधी गाड़ी, 42 चार पहिया वाले गश्ती वाहन, 763 बाइक और 9,917 नए असाल्ट राइफल खरीदने को मंजूरी दी गई है। जल्द ही ये खरीदारी की जाएगी।

एसएसबी को 1,751 किलोमीटर भारत-नेपाल और 699 किलोमीटर भारत-भूटान सीमा की रक्षा के अलावा नक्सलियों के खिलाफ अभियान के लिए भी तैनात किया जाता है। इसके अलावा आंतरिक सुरक्षा के लिए भी उनकी सेवाएं ली जाती हैं। अधिकारियों ने बताया कि नए वाहन और हथियार खरीदे जाने के बाद सीमा की रक्षा, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों और जम्मू-कश्मीर में तैनात एसएसबी के पास भेजे जाएंगे।

No comments: