Thursday, December 15, 2016

सीरियाई विद्रोहियों का अलेप्पो पर एक नए समझौते की घोषणा, सरकार ने किया इनकार

सीरियाई विद्रोहियों ने असैन्य और घायल लोगों को अलेप्पो से निकालने के एक नये समझौते की घोषणा की जबकि सीरिया की सरकार के एक करीबी सूत्र ने इस तरह के किसी समझौते से इनकार किया। है। अलेप्पो शहर में गोलाबारी और हवाई हमले के बाद यहां के निवासी डरकर सड़कों पर भागने को मजबूर हैं। सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने कहा कि पहले के एक समझौते के खत्म हो जाने के बाद संघर्ष जारी है। प्रारंभिक योजना के तहत, हजारों असैन्य लोग और विद्रोही लड़ाके बुधवार (14 दिसंबर) तड़के सीरिया के अलेप्पो शहर को खाली करने वाले थे। सीरिया में पांच वर्ष से अधिक समय से चली आ रही लड़ाई में अलेप्पो शहर बहुत बुरी तरह से प्रभावित हुआ है।

सुबह होने से पहले अलेप्पो को छोड़कर जाने के लिए इकट्ठा हुये भूखे और ठंड में ठिठुरते असैन्य लोगों की कोशिश पर पानी फिर गया। पूर्वी अलेप्पो से कार्यकर्ता मोहम्मद अल-खतीब ने कहा, ‘बमबारी जारी है, कोई नहीं जा सकता, हर कोई कहीं छिपा हुआ और डरा हुआ है।’ उन्होंने कहा, ‘घायल लोग और शव सड़कों पर पड़े हैं। किसी मे भी शव को हटाने की हिम्मत नहीं है।’ उग्रवादी संगठन नूरेद्दीन अल-जिनकी के अधिकारियों और कट्टरपंथी अहरार अल-शाम विद्रोही समूह ने पुष्टि की है कि बुधवार की हिंसा के बाद संघर्षविराम से संबंधित एक नया समझौता प्रभाव में आया था।

नूरेद्दीन के एक राजनीतिक अधिकारी, यासिर अल-यूसुफ ने कहा, ‘रूसी और तुर्की रेड क्रीसेंट के बीच वार्ता होने के बाद अलेप्पो में एक संघर्ष विराम प्रभाव में आया था।’ युसुफ ने कहा, ‘असैन्य और घायल लोगों का पहला समूह गुरुवार (15 दिसंबर) तड़के शहर को छोड़ देगा।’ उन्होंने कहा कि विद्रोहियों को लेकर भी एक समझौता हो गया था लेकिन सीरिया सरकार के एक करीबी सूत्र ने समझौते की खबर से इनकार किया है। सूत्र ने कहा, ‘वहां कोई समझौता नहीं हुई है, कोई बातचीत नहीं चल रही है।’

No comments: