Monday, December 19, 2016

कालेधन पर सरकार का नया दांव, कारण बताकर एक ही बार जमा कर पाएंगे 5000 से ज्यादा रुपए

मोदी सरकार काले धन को रोकने और नोटबंदी को सफल बनाने के लिए एक के बाद एक नए फैसले ले रही है.

नए फैसले के मुताबिक अब आप 30 दिसंबर तक एक अकाउंट में 5,000 रुपए से ज्यादा मूल्य के पुराने नोट सिर्फ एक बार जमा कर पाएंगे.

फैसले के मुताबिक 5000 से ज्यादा की रकम जमा कराने के लिए बैंक को इसकी वजह बतानी होगी. पैसा जमा करने वाले को बैंक के दो अफसरों की मौजूदगी में बताना होगा कि वह अब तक पैसे क्यों नहीं जमा करवा पाया. ये बातचीत रिकॉर्ड में रखी जाएगी ताकि बाद में इसकी छानबीन की जा सके.

इसमें भी उसी ग्राहक का पैसा जमा किया जाएगा जिसका केवाईसी अपडेट होगा. केवाईसी अपडेट ना होने की सूरत में 50 हजार रुपए तक ही जमा किए जाएंगे.हालांकि ये नया फैसला प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत घोषित या जमा की गई रकम पर लागू नहीं होगा.

हालांकि, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के नाम से काला धन घोषणा की नई स्कीम के तहत पैसे जमा कराने की कोई सीमा नहीं होगी.

नोटबंदी के बाद बैंक खातों के जरिए काले धन को सफेद करने के बढ़ते मामलों को देखते हुए ये फैसला लिया गया है.

वित्त मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, 'बड़े नोट बैंक खातों में बार-बार नहीं जमा कराए जा सकते हैं. लोग अब 5,000 रुपए तक जमा करा सकते हैं, जिस पर कोई प्रतिबंध नहीं है.'

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) भी 5,000 रुपए से ज्यादा के जमा पर लगी पाबंदी को लेकर सोमवार शाम तक नए दिशा-निर्देश जारी करेगा.

No comments: